नयी दिल्ली , सितम्बर 10 -- इस्माइली मुसलमान समुदाय के 50वें इमाम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने गुरुवार को यहां राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।

मौजूदा भूमिका में भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर आए प्रिंस रहीम का राष्ट्रपति ने स्वागत किया।

राष्ट्रपति ने इस दौरान दिवंगत आगा खान चतुर्थ के निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत में आगा खान चतुर्थ और आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के काम को बहुत सम्मान और स्नेह के साथ देखा जाता है।

राष्ट्रपति ने भारत में नेटवर्क की ओर से किए गए विभिन्न कामों की सराहना की। इनमें जल और स्वच्छता, शिक्षा, मातृ स्वास्थ्य, शहरी विकास, महिलाओं को सशक्त बनाने और रोजगार पैदा करने से जुड़े परियोजना शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि ये परियोजना सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की साझेदारी के अच्छे उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ मिलकर काम करने वाले गैर-लाभकारी संगठन लोगों के जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित