नयी दिल्ली , दिसंबर 26 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बहादुरी, सामाजिक सेवा, पर्यावरण, खेल, कला, संस्कृति, विज्ञान और प्रौद्योगिकी जैसे कई क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियों के लिए 18 राज्यों के 20 बच्चों को शुक्रवार को यहां प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया।
श्रीमती मुर्मु ने विज्ञान भवन में आयोजित एक समारोह में इन बच्चों को ये प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किये। पुरस्कार पाने वाले बच्चों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि पुरस्कार विजेता बच्चों ने अपने परिवारों, अपने समुदायों और पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सम्मान पाने वाले बच्चे देश भर के अन्य सभी बच्चों को प्रेरित करेंगे।
राष्ट्रपति ने कहा कि लगभग 320 वर्ष पूर्व, सिख पंथ के दसवें गुरु और सभी भारतवासियों के लिए पूजनीय गुरु गोबिन्द सिंह जी और उनके चारों बेटों ने सत्य और न्याय के पक्ष में युद्ध और संघर्ष करते हुए बलिदान दिया था। आज के दिन हम उनके दो सबसे छोटे साहिबज़ादों का स्मरण करते हैं जिनकी वीरता का सम्मान देश-विदेश में किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित