नयी दिल्ली , जून 08 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मातृभूमि की रक्षा में प्राणों का बलिदान देने वाले रणबांकुरों को सोमवार को यहां रक्षा अलंकरण समारोह में वीरता पुरस्कार प्रदान किये जिनमें 07 कीर्ति चक्र (02 मरणोपरांत), 15 वीर चक्र (03 मरणोपरांत) और 26 शौर्य चक्र (01 मरणोपरांत) शामिल हैं।

राष्ट्रपति भवन सचिवालय के अनुसार ये पुरस्कार रक्षा बलों , केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों के पुलिसकर्मियों को कर्तव्य की वेदी पर अदम्य साहस और बेमिसाल बहादुरी के लिए प्रदान किये गये। सात रणबांकुरों को शांतिकाल में देश के दूसरे सर्वोच्च पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इनमें से दो को यह सम्मान मरणोपरांत दिया गया।

कीर्ति चक्र से सम्मानित किये जाने वालों में सेना के लांस नायक एम सुंदरमा, नायब सूबेदार डोलेश्वर सुब्बा, मेजर अर्शदीप सिंह ,कैप्टन एल साइलो और वायु सेना के एयर कमोडोर पी बालकृष्णन नायर शामिल हैं। सेना के जवान जे प्रवीण प्रभाकर और लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी को यह सम्मान मरणोपरांत दिया गया।

वीरता पुरस्कारों की घोषणा प्रति वर्ष गणतंत्र दिवस और स्वतंतत्रा दिवस की पूर्व संध्या पर की जाती है।

इस अवसर पर उप राष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन , प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित