सिलीगुड़ी , मई 26 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मंगलवार को सिक्किम की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर गंगटोक पहुंचीं।
सुश्री मुर्मु इस दौरान सिक्किम विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी और सिक्किम पुलिस को प्रतिष्ठित 'प्रेसिडेंट्स पुलिस कलर' से सम्मानित करेंगी।
राष्ट्रपति का लीबिंग हेलीपैड पर सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने स्वागत किया। इस मौके पर सिक्किम विधानसभा अध्यक्ष एम एन शेरपा, उपाध्यक्ष राज कुमारी थापा, मंत्री, विधायक, वरिष्ठ नागरिक और पुलिस अधिकारी, भारतीय सेना के प्रतिनिधि, मुख्य सचिव आर तेलंग, पुलिस महानिदेशक अक्षय सचदेवा, गंगटोक के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ-साथ वरिष्ठ प्रोटोकॉल अधिकारी मौजूद थे।
इसके बाद राष्ट्रपति लोक भवन पहुंचीं, जहां राज्यपाल के आयुक्त-सह-सचिव जितेंद्र सिंह राजे सहित राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों, मुख्य सचिव आर तेलंग, डीजीपी अक्षय सचदेवा और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने एक बार फिर उनका स्वागत किया।
अधिकारियों ने बताया कि अपने व्यस्त कार्यक्रमों के तहत राष्ट्रपति मुर्मू सिक्किम विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी और 28 मई को गंगटोक के पालजोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले एक औपचारिक समारोह में सिक्किम पुलिस को 'प्रेसिडेंट्स पुलिस कलर' प्रदान करेंगी।
राष्ट्रपति के दौरे से पहले गंगटोक जिला प्रशासन ने सुरक्षा कारणों के चलते 26 से 28 मई तक पूरे जिले में ड्रोन उड़ाने पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित