रायपुर/नयी दिल्ली , सितंबर 29 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा और जनजातीय विरासत के प्रतीक विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में राष्ट्रपति से भेंट कर उन्हें बस्तर दशहरा में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
श्री अग्रवाल ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा करते हुए लिखा, "आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से आत्मीय भेंट कर उन्हें छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा एवं जनजातीय विरासत के प्रतीक विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा में पधारने हेतु सादर आमंत्रित किया।"उन्होंने कहा कि बस्तर दशहरा सदियों पुरानी आस्था, लोकपरंपराओं, जनजातीय संस्कृति और जनसहभागिता का अद्वितीय उत्सव है। यह छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और जनजातीय विरासत का प्रतीक है। राष्ट्रपति मुर्मु ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में सम्मिलित होने का प्रयास करने की बात कही। इससे बस्तर दशहरा में राष्ट्रपति के शामिल होने की उम्मीद बढ़ी है।
राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान श्री साहू, बस्तर सांसद महेश कश्यप और संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन भी मौजूद रहे।
श्री अग्रवाल ने राष्ट्रपति से हुई भेंट को अत्यंत स्मरणीय बताते हुए कहा कि श्रीमती मुर्मु को बस्तर दशहरा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाना छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और जनजातीय विरासत के लिए महत्वपूर्ण अवसर है।
उल्लेखनीय है कि जगदलपुर में आयोजित होने वाला विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा करीब 75 दिनों तक चलने वाला अनूठा आदिवासी उत्सव है। इसकी शुरुआत सावन महीने की हरियाली अमावस्या से होती है और अश्विन मास तक विभिन्न परंपरागत अनुष्ठानों के साथ इसका आयोजन चलता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित