इंफाल , दिसंबर 09 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 11 और 12 दिसंबर को दो दिवसीय मणिपुर दौरे को लेकर इंफाल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है एवं स्वागत की तैयारियां की जा रही है।
सरकार की ओर से हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है लेकिन कांगला के पास एक स्वागत द्वार बनाया गया है और पूरे इंफाल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कई उग्रवादी गुटों ने राष्ट्रपति के दौरे को लेकर बहिष्कार और राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है।
अधिकारियों को राष्ट्रपति के दो दिवसीय दौरे के दौरान संभावित विरोध प्रदर्शनों की आशंका है, इसलिए मुख्य मार्गों पर आम वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाये जाने की संभावना है।
श्रीमती मुर्मु के के प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वह 11 दिसंबर को ऐतिहासिक इंफाल पोलो ग्राउंड में एक पोलो कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य इस खेल के साथ मणिपुर के गहरे संबंध को उजागर करना है, जिसकी शुरुआत इसी राज्य में हुई थी। पोलो ग्राउंड में मरम्मत का काम फिलहाल चल रहा है।
राष्ट्रपति पोलो कार्यक्रम के बाद एक निर्धारित कार्यक्रम के लिए सिटी कन्वेंशन सेंटर जाएंगी। सुरक्षा बलों ने कार्यक्रम स्थल के आसपास निगरानी बढ़ा दी है। श्रीमती मुर्मु 12 दिसंबर को नुपी लाल मेमोरियल परिसर दौरा करेंगी। 1904 और 1939 के नुपी लाल आंदोलन मणिपुर में महिलाओं के नेतृत्व वाले प्रमुख आंदोलन थे। पहला आंदोलन ब्रिटिश अधिकारियों द्वारा मणिपुरी पुरुषों पर थोपे गए जबरन श्रम के विरोध में था, जबकि दूसरा आंदोलन कमी के दौर में औपनिवेशिक सरकार द्वारा चावल के नियंत्रण और निर्यात के खिलाफ एक जन आंदोलन था। ये विद्रोह, जो पूरी तरह से मणिपुरी महिलाओं द्वारा संचालित थे, आज भी गहरी राजनीतिक और सांस्कृतिक महत्ता रखते हैं। राष्ट्रपति के इन महिला स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को उनको श्रद्धांजलि दे सकती हैं।
स्मारक पर कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति आधिकारिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए सेनापति जिले जायेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए इंफाल-सेनापति मार्ग पर अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित