नयी दिल्ली , मार्च 21 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु , उप राष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ईद-उल-फ़ित्र के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं और बधाई दी हैं।

श्रीमती मुर्मु ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक पोस्ट में कहा," ईद-उल-फ़ित्र के मुबारक मौके पर सभी देशवासियों, विशेषकर मुस्लिम बहनों और भाइयों को हार्दिक बधाई। यह त्योहार आत्मसंयम, सेवा, परोपकार एवं वंचित वर्गों के प्रति दया का भाव रखने की सीख देता है। आइए इस अवसर पर हम समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाने का संकल्प लें।"उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने अपने संदेश में कहा," ईद मुबारक! यह पावन अवसर आशा, सौहार्द और करुणा की प्रेरणा दे और आनंद तथा सफलता लेकर आए।"प्रधानमंत्री मोदी ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया पोस्ट में कहा," ईद-उल-फित्र की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पावन अवसर हमारे समाज में भाईचारे और दया की भावना को और मजबूत करे। सभी के सुख और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूँ। ईद मुबारक!"यह पर्व रमज़ान के पवित्र महीने के समापन के बाद चांद दिखने पर मनाया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित