बैतूल , सितंबर 22 -- मध्य प्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई तहसील के खेड़ली बाजार में सोमवार देर रात एक घर के पास बने मुर्गियों के दड़बे में कोबरा सांप घुस गया। सांप के डसने से दो मुर्गियों की मौत हो गई। मुर्गियों की लगातार आवाज सुनकर पहुंचे मालिक ने दड़बे में फन फैलाए कोबरा को देखकर सांप पकड़ने वालों को सूचना दी। बाद में सांप को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया।
मंगलवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल रात करीब 12 बजे दड़बे से लगातार मुर्गियों के फड़फड़ाने और आवाज करने की आवाज आ रही थी। आवाज सुनकर दिनेश धुर्वे मौके पर पहुंचे तो दड़बे में कोबरा बैठा दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल सांप पकड़ने वाले मोनू तायवाड़े को सूचना दी। सांप पकड़ने वाले ने सावधानीपूर्वक अभियान चलाकर काफी प्रयास के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया।
इस दौरान पता चला कि कोबरा के डसने से दो मुर्गियों की मौत हो चुकी थी। मोनू तायवाड़े के अनुसार पकड़ा गया सांप इंडियन स्पेक्टेकल्ड कोबरा था। इसके फन के पीछे चश्मे जैसी आकृति बनी होती है, जिससे इसकी पहचान की जाती है। यह विषैला सांप है और पारिस्थितिकी तंत्र में छोटे जीवों की संख्या नियंत्रित करने में भूमिका निभाता है।
काेबरा को पकड़ने के बाद उसे सुरक्षित रखा गया। आज सुबह करीब 8.30 बजे उसे जंगल में उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। मोनू तायवाड़े ने लोगों से अपील की कि घर, खेत या आसपास सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और उसे पकड़ने अथवा मारने का प्रयास न करें। प्रशिक्षित सांप पकड़ने वालों को सूचना दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित