मुरैना , जुलाई 16 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में खनिज रेत की सुचारू एवं पारदर्शी आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खनिज विभाग ने 12 खनिज रेत भंडारण अनुज्ञप्तियों तथा 36 एम-सेण्ड इकाइयों को स्वीकृति प्रदान की है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में स्वीकृत रेत भंडारण स्थलों में सबलगढ़ तहसील के मुरवाई, लकेंजरा और पासौनकलां, बामौर तहसील के उरहाना, जरेरूआ, बमरौली और नरेश्वर, अम्बाह तहसील के थरा, मुरैना तहसील के अतरसुमा तथा पोरसा तहसील के पोरसा और शाहपुरा गांव शामिल हैं।

स्वीकृत अनुज्ञप्तिधारकों में कुशवाह कंस्ट्रक्शन कंपनी, घिरांगी मिनरल्स, शिवा एनर्जी ट्रेडर्स, एमसीसी इन्फ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड, वाईएफसी प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड, कृष्णा कंस्ट्रक्शन कंपनी तथा देवराज पेट्रोकेम प्राइवेट लिमिटेड सहित अन्य संचालक शामिल हैं।

खनिज विभाग के अनुसार इन अधिकृत भंडारण स्थलों से निर्धारित नियमों एवं शर्तों के तहत आम नागरिकों, शासकीय विभागों, निर्माण एजेंसियों तथा निजी संस्थाओं को खनिज रेत उपलब्ध कराई जाएगी। इससे निर्माण कार्यों के लिए रेत की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित होने के साथ अवैध उत्खनन और अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। जिला प्रशासन ने आमजन एवं निर्माण कार्यों से जुड़े सभी विभागों और संस्थाओं से केवल अधिकृत रेत भंडारण स्थलों से ही खनिज रेत क्रय करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित