मुरैना , जुलाई 15 -- मध्यप्रदेश शासन के 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ बुधवार को मुरैना में पुलिस अधीक्षक कार्यालय से किया गया।
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
पुलिस के अनुसार पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अन्य विभागों के संयुक्त सहयोग से यह अभियान जिलेभर में 15 दिनों तक चलाया जाएगा। अभियान के तहत जागरूकता रथ गांवों और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेगा।
अभियान के दौरान लोगों को बताया जाएगा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज के लिए भी गंभीर नुकसान का कारण बनता है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की है।
अभियान के अंतर्गत शासकीय एवं निजी बस स्टैंड, प्रमुख बाजार, चौराहों, स्कूलों, महाविद्यालयों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित