मुरैना , अगस्त 06 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के अंबाह कस्बे में सेना के एक जवान द्वारा अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी जवान को घटना स्थल से गिरफ्तार कर लिया है और हत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना अंबाह के खजुरी रोड क्षेत्र की है। सेना का जवान सोनू सिकरवार करीब दस दिन पहले अवकाश पर घर आया था। आरोप है कि बुधवार देर रात उसने अपनी पत्नी रानी सिकरवार को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के परिजन देर रात अंबाह पहुंच गए। गुरुवार को उन्होंने थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपी के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। मृतका के पिता रमेश तोमर ने बताया कि उनकी बेटी रानी का विवाह वर्ष 2018 में सोनू सिकरवार से हुआ था। दंपती की छह वर्ष की एक पुत्री भी है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तौर पर आरोपी सोनू सिकरवार के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जा रहा था। बाद में मृतका के परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी के माता-पिता की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित