मुरैना , जुलाई 08 -- मध्यप्रदेश के मुरैना और आसपास के क्षेत्रों में मानसून ने धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार सुबह से हो रही रिमझिम बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों में भी खरीफ फसल की बुवाई को लेकर उत्साह बढ़ा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कई दिनों से पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण किसान खरीफ फसलों की बुवाई के लिए वर्षा का इंतजार कर रहे थे। बुधवार को हुई बारिश से खेतों में नमी आने के बाद किसान बुवाई की तैयारियों में जुट गए हैं। बीज खरीदने के लिए विभिन्न बीज भंडारों पर किसानों की भीड़ भी देखी गई।
मौसम विभाग ने क्षेत्र में अगले दो से तीन दिनों तक हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की है। हालांकि फिलहाल व्यापक और तेज बारिश के संकेत नहीं हैं। लगातार उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को रिमझिम बारिश और ठंडी हवाओं से राहत मिली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित