मुरैना , जुलाई 27 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के देवगढ़ थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी और उसके सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह घटना ग्राम उत्तमपुरा में रविवार देर रात हुई। मृतका की पहचान विमला पत्नी बाबू सिंह सिंकरवार (60) के रूप में हुई है। बताया गया कि उनके पति और बच्चे ग्वालियर में रहते हैं, जबकि वह लगभग दस दिन पहले अकेले गांव आई थीं। घटना के समय वह घर में अकेली थीं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार देर रात अज्ञात बदमाश घर में घुसे और धारदार हथियार से उनका गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी महिला के गले से सोने की चेन और कानों के बाले लेकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलने पर देवगढ़ थाना प्रभारी जयपाल गुर्जर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्र में घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
एसडीओपी जौरा एन.आर.एस. बघेल ने बताया कि उत्तमपुरा गांव में एक वृद्ध महिला की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि हत्या किन कारणों से और किसने की, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या और लूट, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित