मुरैना , जुलाई 18 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के बानमोर थाना क्षेत्र में दिन-दहाड़े हुए एक युवक के अपहरण से इलाके में सनसनी फैल गई।
बाजार जा रहे युवक को अज्ञात कार सवार बदमाशों ने पहले बेरहमी से पीटा और फिर जबरन कार में बैठाकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की तलाश के लिए चार विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।
जानकारी के अनुसार अपहृत युवक की पहचान सोनू कुशवाह (26) निवासी पवाया रोड, बानमोर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह किसी काम से घर से बाजार जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर कार सवार बदमाशों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने पहले उसके साथ मारपीट की और उसे जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए।घटना की सूचना मिलते ही बानमोर पुलिस सक्रिय हो गई।
पुलिस ने मुरैना, ग्वालियर सहित आधा दर्जन संभावित ठिकानों पर दबिश दी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक न तो अपहृत युवक का पता चल सका और न ही आरोपियों का कोई सुराग मिला है।
बानमौर के एसडीओपी सुनील कुमार ने बताया कि अपहरण के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। युवक की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित