मुरैना , सितंबर 05 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिला में लगातार हो रही बारिश के चलते पगारा बांध में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात 9:30 बजे तक बांध का जलस्तर 653.00 फीट दर्ज किया गया, जबकि बांध का पूर्ण भराव जलस्तर 654.00 फीट है। बांध में अब तक करीब 96.45 प्रतिशत जलभराव हो चुका है।
प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार पगारा बांध के जलग्रह - क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। ऐसे में बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। बांध के स्वचालित गेटों के खुलने का निर्धारित स्तर 655.3 फीट है। जलस्तर 655.3 फीट पहुंचने के बाद बांध के छह स्वचालित दरवाजे एक-एक करके स्वतः खुलने लगेंगे।
वहीं, आसन नदी के जलग्रह - क्षेत्र में भी लगातार बारिश होने से नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना है। इसके चलते पगारा बांध के नदी के बहाव की दिशा में आने वाले गांवों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। पगारा बांध के नदी के बहाव की दिशा में आने वाले 32 गांवों को जलस्तर बढ़ने की संभावना के मद्देनजर सूचना दी गई है। इनमें पई, नरहेला, बिचपुरी, सिघौरा, घसटुआ, जिन्दपुरा, घूघस, पन्नू का पुरा, गदाल का पुरा, झोड़ का पुरा, चिरायतनी, गुढ़ा आसन, देवरी, रपटापुरा, मुदावली, राजघाट का पुरा, डोंगरपुरा, ककरधा, खेरा, बड़ौना, दुल्हैनी, पहावली, जरैना, सिलायथा, खनेता, घुरैयाबसई, गढ़ीखेड़ा, डाबी का पुरा, भवनपुरा, जनवेद का पुरा, सामले का पुरा और छौंदा शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित