मुरैना , मार्च 25 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के टेंटरा थाना क्षेत्र स्थित चंबल नदी के रायडी घाट से रेत माफिया द्वारा बंदूकों के बल पर अवैध उत्खनन किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया गया है कि यह वीडियो ग्रामीणों ने कल रात बनाया और संबंधित पुलिस थाने को भी भेजा, लेकिन अब तक उत्खनन में शामिल लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने पुलिस पर रेत माफिया से मिलीभगत के आरोप भी लगाए हैं।

सूत्रों के अनुसार वायरल वीडियो में चंबल घाट पर दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में मशीनों के जरिए रेत भरते हुए और माफिया के लोगों को बंदूकें लहराते हुए देखा जा सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस अवैध उत्खनन और परिवहन में गांव के एक जिला बदर अपराधी की भूमिका भी सामने आ रही है।

वीडियो में एक ग्रामीण यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि उसने वन विभाग के अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी है कि घाट पर बड़े पैमाने पर रेत का उत्खनन और परिवहन हो रहा है, लेकिन अब तक कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से रायडी घाट को तत्काल सील करने की मांग की है। उनका कहना है कि यहां से निकलने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे ग्रामीण घायल हो रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित