मुरैना , मार्च 27 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की नूराबाद थाना पुलिस ने आज एक कार से एक क्विंटल 32 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद कर अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्वालियर से एक कार में बड़ी मात्रा में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम लोहगढ़ मोड़ के पास वाहनों की जांच शुरू की।
बताया गया कि संदिग्ध कार को रोककर तलाशी लेने पर उसमें रखे पैकेटों से 132 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कार चालक सहित एक अन्य आरोपी शेख जुम्मन, निवासी जवाहर नगर, थाना कंकरखेड़ा, जिला मेरठ (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी जुम्मन के खिलाफ उत्तर प्रदेश के कंकरखेड़ा, गाजियाबाद, मेरठ और बागपत के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने गांजा और कार जब्त कर दोनों आरोपियों को एनडीपीएस अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया है तथा उनसे पूछताछ जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित