मुरैना , मार्च 24 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की अंबाह थाना पुलिस ने एक कार से 35 पेटी अवैध देशी शराब बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की एक क्रेटा कार से ग्राम खांद के पुरा से पोरसा की ओर भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने करौली माता रोड बायपास पर चेकिंग लगाई।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 35 पेटी देशी शराब बरामद हुई। चालक से वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया और करीब एक लाख 75 हजार रुपए मूल्य की शराब तथा 15 लाख रुपए कीमत की कार सहित कुल 16 लाख 75 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित