मुरैना , जून 19 -- मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के नूराबाद थाना में कार को रोककर उस पर गोलीबारी करने और तोड़फोड़ के मामले में गुरुवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि एक कार रोककर फायरिंग कर उसमें तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 315 बोर का कट्टा और 315 बोर की राइफल भी बरामद की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गत पांच जून को शिकायतकर्ता हरेन्द्र गुर्जर निवासी जरेरूआ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने पिता रघुवर और परिजनों के साथ कार से गांव लौट रहा था। तभी बिचौला रोड के पास एक बिना नंबर की काली क्रेटा कार ने उनकी गाड़ी रोक ली। आरोप है कि कार से उतरे मनोज गुर्जर, करुआ उर्फ मोहर सिंह, अरविंद गुर्जर और भूरा ने उन पर गोली चलायी। इसके बाद एक सफेद स्कॉर्पियो से आए भरत गुर्जर, बीरबल उर्फ बीरा, रघुराज गुर्जर तथा दो अन्य लोगों ने लाठी-डंडों से उनकी कार में तोड़फोड़ की। मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर पांच वांछित आरोपियों को टेकरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मनोज पुत्र रघुराज सिंह गुर्जर और भरत पुत्र जंगजीत गुर्जर के कब्जे से एक 315 बोर का कट्टा और एक 315 बोर की राइफल बरामद हुई है। इसके कारण प्रकरण में शस्त्र अधिनियम की धारा 25/27 भी जोड़ी गई है। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित