मुरैना , मई 02 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के जौरा कस्बे में आज दिन दहाड़े एक आबकारी ठेकेदार के घर पर कार में सवार होकर आए चार बदमाशों ने जमकर ताबड़तोड़ गोलीबारी की जिसमें वहां दहशत फैल गई। इस गोलीबारी की घटना में ठेकेदार और उसका पुत्र बाल बाल बच गए।

गोलबारी के के दौरान ठेकेदार और उनके पड़ोसियों ने चारों हमलावर बदमाशों को मौके पर ही पकड़ लिया ओर उनकी तीन बंदूकें छीनकर जमकर मारपीट की जिससे वे सभी गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जौरा अस्पताल से मुरैना के जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस ने फिलहाल घायल बदमाशों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तीनों बंदूक जप्त कर ली हैं।

पुलिस ने घटनास्थल से चले हुए खाली कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बदमाशों में एक अवैध शराब का कारोबार करता है ओर पुलिस ने कुछ दिन पहले उसके घर पर छापा मारा था। बताया गया है कि बदमाश को संदेह था कि पुलिस ने उसके घर पर आबकारी ठेकेदार कहने पर ही छापा डाला था और उसी कारण आज ठेकेदार के घर पर फायरिंग की इस वारदात को अंजाम दिया गया होना प्रतीत होता है।

बताया जाता है कि फायरिंग की घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है ओर पुलिस केमरे से बदमाशों की पहचान के लिए फुटेज खंगाल रही है। पुलिस के अनुसार अभी तक आवकारी ठेकेदार की तरफ से पुलिस में रिपोर्ट लिखने कोई नहीं आया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित