मुरैना , जुलाई 26 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिला अस्पताल परिसर में गर्भवती बहू का अल्ट्रासाउंड कराने आई एक महिला से अज्ञात बदमाशों द्वारा सोने के आभूषण ठगे जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के तुस्सीपुरा निवासी मीना खटीक अपनी गर्भवती बहू का अल्ट्रासाउंड कराने जिला अस्पताल आई थीं। बहू को लाइन में खड़ा करने के बाद वह अपने नाती के साथ अस्पताल परिसर में एक पेड़ के नीचे बैठी थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति उनके पास आया और खाने के लिए पैसे मांगने लगा। कुछ देर बाद दो अन्य व्यक्ति भी वहां पहुंच गए।
परिजनों का आरोप है कि बातचीत के दौरान एक व्यक्ति ने महिला के सामने रुमाल घुमाया, जिसके बाद वह उसके प्रभाव में आ गई और अपने कानों के सोने के बाले तथा गले का सोने का पेंडल उतारकर आरोपियों को दे दिया। घटना के बाद महिला अपने परिजनों के साथ कोतवाली थाना पहुंची और अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित