भोपाल , अप्रैल 08 -- मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मुरैना में रेत माफिया द्वारा वन विभाग के आरक्षक हरकेश गुर्जर की हत्या की घटना को लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
श्री सिंघार ने अपने बयान में कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों के हौसले चरम पर हैं। उन्होंने कहा कि मुरैना में रेत माफिया द्वारा वन विभाग की टीम पर हमला कर आरक्षक को ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर देना बेहद भयावह घटना है, जो यह दर्शाती है कि अपराधियों में कानून का डर समाप्त हो चुका है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और सरकार के तथाकथित सुशासन की वास्तविक तस्वीर है। अवैध खनन माफिया खुलेआम कानून के रक्षकों की हत्या कर रहे हैं, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
नेता प्रतिपक्ष ने इसे शासन की विफलता बताते हुए कहा कि अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है, जिसके कारण ऐसे गंभीर अपराध सामने आ रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले का तत्काल संज्ञान लेने, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने मृतक आरक्षक हरकेश गुर्जर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित