मुरैना , जून 01 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के नूराबाद थाना क्षेत्र स्थित सांक नदी में कूदकर आत्महत्या करने वाले प्रेमी युगल की पहचान ग्वालियर के चर्चित स्पाई कैमरा ब्लैकमेलिंग प्रकरण के आरोपियों के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान राधा चौबे (25) निवासी दतिया और भूपेंद्र धाकड़ (30) निवासी मुरैना के रूप में हुई है। दोनों के शव सोमवार को सांक नदी से बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। दोनों के हाथ एक ही गमछे से बंधे हुए मिले हैं।

जानकारी के अनुसार राधा चौबे और भूपेंद्र धाकड़ सोमवार को मोटरसाइकिल से नूराबाद क्षेत्र में सांक नदी के पुराने पुल पर पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों कुछ समय तक पुल पर रुके और बाद में गमछे से अपने हाथ बांधकर नदी में छलांग लगा दी।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तथा राज्य आपदा मोचन बल की टीम मौके पर पहुंची। कई घंटे तक चले खोज अभियान के बाद दोनों के शव नदी से बाहर निकाले गए।

उल्लेखनीय है कि सितंबर 2025 में ग्वालियर के एक होटल में गुप्त कैमरा लगाकर युगलों के निजी वीडियो रिकॉर्ड करने तथा उन्हें प्रसारित करने की धमकी देकर धन उगाही करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ था। पुलिस जांच में राधा चौबे, उसके कथित प्रेमी भूपेंद्र धाकड़ और बृजेश धाकड़ के नाम सामने आए थे।

जांच के दौरान पुलिस ने बताया था कि गिरोह होटल के कमरों में बल्ब होल्डर में गुप्त कैमरे लगाकर वीडियो रिकॉर्ड करता था और बाद में उन वीडियो के आधार पर लोगों को ब्लैकमेल करने की योजना बनाता था।

मामले का खुलासा चीनोर निवासी एक युवक की शिकायत के बाद हुआ था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसका निजी वीडियो भेजकर उससे एक लाख रुपये की मांग की गई थी। उसने दबाव में 50 हजार रुपये तक की राशि स्थानांतरित कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके मोबाइल फोन और पेन ड्राइव जब्त किए थे, जिनमें कई अन्य लोगों के वीडियो मिलने की बात सामने आई थी।

बानमौर के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अनिल कुमार मांडरा ने बताया कि दोनों के हाथ गमछे से बंधे मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित