मुरादाबाद , अप्रैल 06 -- उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए ड्रोन तकनीक का सफल परीक्षण किया है।
मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव की उपस्थिति में आरपीएफ रिजर्व लाइन में 'क्यू4आई' ड्रोन का प्रदर्शन किया गया। यह ड्रोन लगभग 5 किलोमीटर की रेंज और 400 मीटर की ऊंचाई तक निगरानी करने में सक्षम है तथा नाइट विजन सुविधा के साथ रात में भी प्रभावी निगरानी कर सकता है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि ड्रोन एक बार में करीब 40 मिनट तक उड़ान भर सकता है और इसमें 10x ऑप्टिकल ज़ूम, उच्च गुणवत्ता वाला कैमरा और 90 डिग्री टिल्ट क्षमता जैसी आधुनिक सुविधाएं हैं।
मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि इस तकनीक का उपयोग रेलवे लाइनों की सुरक्षा, ट्रेनों की निगरानी, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और विशेष आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने में किया जाएगा। साथ ही हरिद्वार में प्रस्तावित अर्धकुंभ-2027 के दौरान भी यह काफी उपयोगी साबित होगा। उन्होंने आरपीएफ कर्मियों को आधुनिक तकनीक के उपयोग में दक्षता बढ़ाने के निर्देश दिए।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह पहल मुरादाबाद मंडल को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित