मुरादाबाद , मार्च 26 -- उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए 'शुगर एक्सप्रेस' के रूप में कंटेनर रैक से 2160 टन चीनी कोलकाता (शालीमार) के लिए रवाना की। मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने बताया कि मुरादाबाद मंडल नवाचारी प्रयासों के माध्यम से माल लदान को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पहल चीनी मिलों और व्यापारियों के लिए नई संभावनाएं खोलने के साथ रेल-आधारित परिवहन को और मजबूत बनाएगी।

उन्होंने बताया कि 25 मार्च 2026 को पहली बार 'शुगर एक्सप्रेस' के तहत 80 घरेलू (20 फीट) कंटेनरों वाले रैक में कुल 2160 टन चीनी लोड कर मुरादाबाद से शालीमार के लिए भेजी गई। यह लदान अवध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड (स्योहारा), त्रिवेणी इंजीनियरिंग एंड इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड और प्रकाश भलोटिया एंड ब्रदर्स द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि यह पहल माल ढुलाई में नए आयाम स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उल्लेखनीय है कि 12 मार्च 2026 को डीआरएम विनीता श्रीवास्तव और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) ऋचा शर्मा के नेतृत्व में चीनी मिल व्यापारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें वित्त वर्ष 2026-27 में चीनी लदान बढ़ाने की संभावनाओं और व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा की गई थी।

बैठक में पारंपरिक बीसीएन वैगनों के साथ-साथ कंटेनर रैक जैसे वैकल्पिक माध्यमों से लदान बढ़ाने पर जोर दिया गया था, जिसका सकारात्मक परिणाम 'शुगर एक्सप्रेस' के रूप में सामने आया है। कंटेनर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (कांकोर्ड) के आईसीडी मुरादाबाद द्वारा इस सेवा का संचालन किया जा रहा है, जिससे 'फर्स्ट माइल' और 'लास्ट माइल' सुविधाओं के माध्यम से व्यापारियों को डोर-टू-डोर सेवा मिल रही है।

इस पहल से रेलवे के माल परिवहन अनुपात (रेल गुणांक) में वृद्धि, घरेलू कंटेनरों के बेहतर उपयोग तथा पर्यावरण-अनुकूल लॉजिस्टिक्स को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मुरादाबाद रेल मंडल ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे नवाचारी प्रयास जारी रखे जाएंगे, जिससे माल ढुलाई को अधिक आधुनिक, कुशल और प्रभावी बनाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित