मुरादाबाद , अक्टूबर 25 -- उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल द्वारा रविवार को 'विशेष अभियान 6.0' के अंतर्गत मंडल के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर वृहद स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। इस विशेष अभियान के तहत हापुड़ जंक्शन और हरिद्वार जंक्शन रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म, यात्री सुविधाओं और ट्रैक के आसपास विशेष साफ-सफाई की गई। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे परिसरों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सार्वजनिक सुविधाओं का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करना और यात्रियों को स्वच्छ व सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। हापुड़ जंक्शन पर स्टेशन परिसर की स्वच्छता और यात्री सुविधाओं के रखरखाव के लिए विभिन्न गतिविधियां चलाई गईं, जिसमें प्लेटफॉर्मों पर पानी से धुलाई कर फर्श की सफाई की गई। यात्रियों के आवागमन वाले क्षेत्रों, बैठने की व्यवस्था तथा प्लेटफॉर्म परिसर को स्वच्छ व व्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही स्टेशन पर स्थित शौचालयों, यूरिनल और वॉशबेसिन की गहन सफाई की गई ताकि यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं मिल सकें।
रेलवे ट्रैक के आसपास निर्धारित क्षेत्रों में भी सफाई अभियान चलाकर कचरे और अन्य अवांछित सामग्री को हटाया गया तथा स्टेशन परिसर में रखे कूड़ेदानों के उचित उपयोग के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में हरिद्वार जंक्शन रेलवे स्टेशन पर भी विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत व्यापक स्तर पर स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं। स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, शौचालय, पेयजल स्थल और अन्य यात्री उपयोगी स्थानों पर रेलवे कर्मचारियों एवं सफाई कर्मियों द्वारा फर्श, दीवारों तथा सार्वजनिक उपयोग के स्थलों की साफ-सफाई की गई।
इसके अतिरिक्त, स्टेशन परिसर में कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए गए। मुरादाबाद मंडल द्वारा इस प्रकार के निरंतर प्रयासों से रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता एवं सुव्यवस्था के उच्च मानक स्थापित किए जा रहे हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन परिसर में कूड़ा केवल निर्धारित कूड़ेदानों में ही डालें, सार्वजनिक सुविधाओं को स्वच्छ रखें और रेलवे ट्रैक पर कचरा न फेंकें, क्योंकि स्वच्छता बनाए रखने में प्रत्येक यात्री की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। 'स्वच्छ रेल परिसर, बेहतर यात्री सुविधाएँ और स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी' के संकल्प के साथ मुरादाबाद मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर यह अभियान लगातार जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित