मुरादाबाद , मई 25 -- उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह मालगाड़ी के वैगन पर चढ़े एक अज्ञात व्यक्ति की हाई वोल्टेज ओएचई लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) सूत्रों ने बताया कि मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो के बीच ट्रैक पर डीजल से लदी एक मालगाड़ी खड़ी थी। सुबह करीब सवा दस बजे एक व्यक्ति अचानक मालगाड़ी के वैगन पर चढ़ गया। जैसे ही वह वैगन के ऊपरी हिस्से तक पहुंचा, ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। जीआरपी और आरपीएफ इस बात की जांच कर रही हैं कि व्यक्ति किन परिस्थितियों में और किस उद्देश्य से मालगाड़ी के वैगन पर चढ़ा था। मामले की जांच के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित