मुरादाबाद , मई 20 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाओं के विरोध में बुधवार को अधिवक्ताओं ने तालाबंदी कर जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे दिनभर रजिस्ट्री से जुड़े सभी कार्य पूरी तरह ठप रहे। दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी मुरादाबाद के आह्वान पर आयोजित आंदोलन के तहत अधिवक्ताओं ने रजिस्ट्री कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद गुप्ता ने किया।

अधिवक्ताओं का आरोप है कि रजिस्ट्री कार्यालय में लंबे समय से भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन का माहौल बना हुआ है, जिससे न केवल अधिवक्ताओं को कार्य करने में कठिनाई हो रही है बल्कि आम जनता को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

अध्यक्ष आनंद गुप्ता ने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन को कई बार ज्ञापन दिए गए, लेकिन अधिकारियों की उदासीनता के कारण अधिवक्ताओं को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन में वरिष्ठ अधिवक्ता विनय खन्ना सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लिया। अधिवक्ताओं की एकजुटता के चलते रजिस्ट्री कार्यालय में पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा। तालाबंदी के कारण दूर-दराज से आए लोगों को बिना काम कराए ही लौटना पड़ा।

रजिस्ट्री कार्य बाधित होने से विभाग को राजस्व का नुकसान होने के साथ ही आम लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा। अधिवक्ताओं ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्याओं के समाधान की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित