मुरादाबाद , जुलाई 09 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में लगभग 93 हेक्टेयर सार्वजनिक भूमि को जिला प्रशासन ने अतिक्रमण से मुक्त कराया है। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि कल्याणपुर ऐतमाली ग्राम में पिछले डेढ़ महीने से निरंतर इस संबंध में अभियान चलाया जा रहा था, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

उन्होने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया के तहत चकबंदी की धारा 9 के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए कुल 101 व्यक्तियों के नाम जो सरकारी अभिलेखों में गलत तरीके से दर्ज या इंदराज थे, उन्हें हटा दिया गया है। इन भूमियों को अब उनकी मूल श्रेणी, जैसे श्रेणी 77 या 132 के अंतर्गत पुनः दर्ज किया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में 55 हेक्टेयर भूमि का एक अन्य मामला भी न्यायालय में विचाराधीन है, जिसे मिलाकर कुल क्षेत्र लगभग 150 हेक्टेयर हो जाता है, जिसमें से कल तक 93 हेक्टेयर भूमि को पूरी तरह खाली करा लिया गया है।

प्रशासन की ओर से इस बात पर भी जोर दिया गया है कि भविष्य में भी सार्वजनिक उपयोग की सभी भूमियों, चाहे वह नदी, रेत, खेत-खलिहान, चारागाह, खाद के गड्ढे या तालाब की भूमि हो, से किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को हटाया जाएगा। इन भूमियों को उसी उपयोग के अंतर्गत सुरक्षित और दर्ज किया जाएगा जिसके लिए वे आवंटित हैं। अतिक्रमण मुक्त कराई गई इस भूमि के भावी उपयोग को लेकर जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में चल रहे वृहद वृक्षारोपण महाअभियान के तहत इस भूमि का उपयोग पेड़ लगाने के लिए किया जा सकता है। इसके अलावा, ऐसी तमाम गतिविधियां और कार्य जिनमें किसी भी प्रकार के पक्के निर्माण की आवश्यकता नहीं होती है, उन्हें भी इस खाली कराई गई सरकारी भूमि पर प्राथमिकता के साथ संचालित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित