मुरादाबाद , अक्टूबर 16 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा किसी भी अप्रिय घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय एकीकृत कानून एवं व्यवस्था नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है, जो 15 नवंबर तक चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा। अपर जिलाधिकारी (नगर) एडीएम सिटी अंकुर श्रीवास्तव ने शुक्रवार को बताया कि मंडलायुक्त संगीता सिंह की अध्यक्षता में आज हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के निर्देशों के अनुपालन में यह व्यवस्था की गई है। कलेक्ट्रेट स्थित मीटिंग कक्ष के प्रथम तल पर बने इस नियंत्रण कक्ष से कानून एवं शांति व्यवस्था, सांप्रदायिक सौहार्द, सार्वजनिक सुरक्षा और संवेदनशील गतिविधियों की सतत निगरानी की जाएगी ताकि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर किसी भी घटना की सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया, प्रभावी कार्रवाई और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
नियंत्रण कक्ष के सुचारु संचालन के लिए नगर निगम, अग्निशमन, विद्युत, कारागार, पुलिस, यातायात, चिकित्सा एवं आपदा विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की आठ-आठ घंटे की तीन पालियों में ड्यूटी लगाई गई है। अपर जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि कानून एवं शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी घटना, संदिग्ध गतिविधि अथवा सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ी समस्या की जानकारी तत्काल नियंत्रण कक्ष को दें, अफवाहों पर ध्यान न दें और अपुष्ट सूचनाओं को प्रसारित करने से बचें। साथ ही किसी भी अप्रिय स्थिति में स्वयं कानून हाथ में लेने के बजाय प्रशासन को सूचित करने की सलाह दी गई है, जिसके लिए नियंत्रण कक्ष के संपर्क नंबर 0591-2412728, 0591-2410886, 9454416867 एवं 9454416893 जारी किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित