मुरादाबाद , अगस्त 12 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में प्रशासन ने जुलाई माह में विशेष अभियान चलाकर 12.14 करोड़ रुपये अनुमानित कीमत की 13.2384 हेक्टेयर सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया है। कार्रवाई के दौरान जिले की चारों तहसीलों में कुल 117 गाटों से अतिक्रमण हटाया गया।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार तहसील बिलारी में 45 गाटों की 3.6619 हेक्टेयर भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई गई, जिसकी अनुमानित कीमत 7.95 करोड़ रुपये से अधिक है। ठाकुरद्वारा तहसील में 63 गाटों की 7.9305 हेक्टेयर भूमि से कब्जा हटाया गया।

इसी तरह कांठ तहसील में छह गाटों की 1.226 हेक्टेयर और मुरादाबाद तहसील में तीन गाटों की 0.212 हेक्टेयर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इन सभी भूमि की कुल अनुमानित कीमत 12,13,72,380 रुपये बताई गई है।

जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में सार्वजनिक और संरक्षित संपत्तियों पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को सरकारी भूमि की नियमित निगरानी करने तथा अतिक्रमण की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित