मुरादाबाद , जून 20 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत निर्धारित गाइडलाइंस की अहर्ता पूरी न करने पर 11 निजी अस्पतालों के खिलाफ प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई है। स्टेट हेल्थ एजेंसी (साचीज) और डिस्ट्रिक्ट इम्पैनलमेंट कमेटी द्वारा किए गए भौतिक निरीक्षण में इन अस्पतालों में भारी कमियां और नियमों का उल्लंघन पाया गया था। इसके मद्देनजर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय द्वारा इन सभी 11 अस्पतालों के खिलाफ सेवाएं निलंबित करने, आर्थिक दंड लगाने और संबद्धता समाप्त करने के कड़े आदेश जारी किए गए हैं। आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी डॉ.राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान विभिन्न अस्पतालों में योजना के मानकों का उल्लंघन एवं अन्य कमियां पाई गईं। इसके चलते एवीएस हॉस्पिटल रामपुर दोराहा, एमआई हॉस्पिटल सिरसवां दोराहा, सर्जिमेड हॉस्पिटल रामपुर दोराहा, यूनिक हॉस्पिटल दिल्ली रोड एवं गैलेक्सी सर्जिकल हॉस्पिटल रामगंगा विहार सहित 5 अस्पतालों की आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सेवाएं अग्रिम आदेशों तक निलंबित कर दी गई हैं।
इसके अतिरिक्त, साचीज द्वारा की गई जांच के बाद आशीर्वाद नर्सिंग होम लाजपत नगर एवं एशियन विवेकानंद हॉस्पिटल कांठ रोड का योजना के अंतर्गत भुगतान अग्रिम आदेशों तक रोक दिया गया है। इसी क्रम में उजाला सिग्नस ब्राइट स्टार हॉस्पिटल नया मुरादाबाद पर निर्धारित प्रावधानों के अनुसार आर्थिक दंड लगाया गया है। मानकों की घोर अनदेखी करने के मामले में पुष्पांजलि नर्सिंग होम रामगंगा विहार, गुप्ता नर्सिंग होम आशियाना एवं आयुष्मान हॉस्पिटल बिलारी सहित 3 अस्पतालों की आयुष्मान भारत योजना से संबद्धता को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।
नोडल अधिकारी डॉ. राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि योजना में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से समय-समय पर निरीक्षण एवं निगरानी की कार्रवाई की जाती है। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि योजना के मानकों का उल्लंघन करने वाले किसी भी चिकित्सालय के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी और उन्होंने सभी सूचीबद्ध अस्पतालों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित