मुरादाबाद , जून 15 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद-कांठ रोड स्थित हरिद्वार हाईवे चौड़ीकरण परियोजना के तहत सोमवार सुबह जिला प्रशासन ने प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हाईवे की जद में आ रही एक पुरानी मजार को हटाने की कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर के माध्यम से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर स्थिति पर लगातार नजर रखी गई।

अपर नगर आयुक्त अजित कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित संरचना एक नाले के ऊपर तथा सड़क की पटरी पर अवैध अतिक्रमण के रूप में स्थित थी, जिससे हरिद्वार हाईवे चौड़ीकरण परियोजना के कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही थी।

उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग की ओर से पूर्व में संबंधित पक्षों को कई बार उक्त संरचना हटाने के लिए कहा गया था, लेकिन निर्धारित समयावधि में अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और पुलिस बल की संयुक्त टीम के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी की।

प्रशासन की ओर से किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर पूरी कार्रवाई की निगरानी करते रहे। साथ ही, एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र में आम लोगों की आवाजाही को भी नियंत्रित रखा गया।

अपर नगर आयुक्त ने बताया कि हरिद्वार हाईवे चौड़ीकरण परियोजना को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए प्रशासन द्वारा अवरोधक बने अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परियोजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा बनने वाले अवैध कब्जों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित