मुरादाबाद , मार्च 12 -- मुरादाबाद में पुलिस ने एक संगठित हनी ट्रैप गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सरगना सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह की महिला सदस्य लोगों को जाल में फंसाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाती थीं और उसे वायरल करने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलती थीं। पुलिस अधीक्षक (नगर) कुमार रणविजय सिंह ने गुरुवार को बताया कि जामा मस्जिद पार्क बरबालान निवासी नौशाद ने 25 फरवरी को थाना मुगलपुरा में तहरीर देकर 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट कर जबरन कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। आरोपियों ने उसे झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी देते हुए उससे 85 हजार रुपये वसूल लिए।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गिरोह की सरगना रिहाना सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रिहाना पत्नी फैसल निवासी ताजपुर माफी गांव थाना कटघर थाना, चांद बी पत्नी वली अहमद निवासी ताजपुर माफी थाना कटघर, इलमा पत्नी सुलेमान निवासी धर्मपुरा गांव थाना भोजपुर थाना, शगुफ्ता पत्नी वली अहमद निवासी ताजपुर माफी थाना कटघर तथा सुलेमान निवासी धर्मपुरा थाना भोजपुर शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह की महिला सदस्य सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से लोगों से संपर्क कर उन्हें एकांत स्थान पर बुलाती थीं, जहां आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया जाता था और बड़ी रकम वसूली जाती थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित