मुरादाबाद , अप्रैल 20 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में घात लगाकर की गई फायरिंग में एक स्कूल संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में पूर्व ब्लॉक प्रमुख समेत सात लोगों को नामजद किया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि भगतपुर थाना क्षेत्र के गांव सिरस्वा हरचंद चौराहे के निवाड़ खास मोड़ के पास रविवार रात करीब नौ बजे बाइक सवार राजेश कुमार यादव पर घात लगाए बैठे हमलावरों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने उन्हें चारों ओर से घेरकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी।

गोलीबारी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले अधिकांश आरोपी फरार हो चुके थे। हालांकि लोगों की सहायता से पुलिस ने एक आरोपी आकाश उर्फ ऋषभ को मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल राजेश यादव को तत्काल मुरादाबाद के कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

राजेश यादव की तहरीर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख पूरन सिंह, उनके पुत्र आकाश यादव, विशाल यादव, अमित यादव, राजेंद्र सिंह, सुनील यादव और दुष्यंत यादव समेत सात आरोपियों के खिलाफ थाना भगतपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में घटना का कारण कॉलेज कमेटी को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद बताया जा रहा है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित