मुरादाबाद , जुलाई 04 -- उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जिले की कुंदरकी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक हाजी रिजवान, उनके परिजनों और आजम खान के करीबी सपा नेता यूसुफ मलिक सहित चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने एक करोड़ 27 लाख 86 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि उक्त कार्रवाई पीड़ित की शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सतपाल अंतिल के आदेश के बाद कुंदरकी थाना पुलिस द्वारा की गई है। आरोपियों पर स्कूल की भूमि का सौदा करने और फर्जी रसीदों के सहारे मोटी रकम हड़पने का गंभीर आरोप है।
पीड़ित अब्दुल मुस्तफा ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के सामने पेश होकर उनसे न्याय की गुहार लगाई थी। तहरीर देते हुए आरोप लगाया था कि पूर्व विधायक हाजी रिजवान, उनके पुत्र हाजी जुबैर, पत्नी शमा परवीन और समाजवादी पार्टी (सपा) नेता व वरिष्ठ नेता आजम खां के करीबी माने जाने वाले यूसुफ मलिक ने एक स्कूल की भूमि का लैंड यूज (भू-उपयोग) बदलवाने के नाम पर उनके साथ यह जालसाजी की है।
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने भू-उपयोग परिवर्तन के नाम पर उससे कुल 1,27,86,000 रुपये ऑनलाइन और नकद माध्यमों से वसूल लिए। जब पीड़ित ने इस प्रक्रिया को लेकर सख्ती दिखाई, तो आरोपियों ने उत्तर प्रदेश शासन के भू-उपयोग विभाग के नाम की 6,11,390 रुपये की एक रसीद थमा दी और शेष राशि को प्रशासनिक रिश्वत में खर्च होना बताया। जांच करने पर उक्त रसीद पूरी तरह फर्जी पाई गई, जिसके बाद पीड़ित को ठगे जाने का अहसास हुआ।
इसके अतिरिक्त, पीड़ित ने यूसुफ मलिक पर डिलारी क्षेत्र में साढ़े तीन बीघा जमीन का 52.50 लाख रुपये में सौदा तय कर 33.36 लाख रुपये हड़पने और रजिस्ट्री न करने का भी आरोप लगाया है। राजनीतिक रसूख के कारण स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने के बाद एसएसपी के हस्तक्षेप पर पुलिस ने जांच पूरी कर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में आपराधिक मामला पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। दूसरी ओर हाजी रिजवान का कहना है कि जमीन मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) से ली गई थी, आरोप लगाने वालों ने ही जमीन का सौदा किया था। हमने बैनामा कराने के लिए नोटिस भी भेजा था। उन्होंने यह स्वीकार किया कि जमीन युसुफ मलिक की मार्फ़त तय हुई थी। बताया कि उनके खिलाफ राजनीतिक दबाव में मुकदमा दर्ज़ किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित