मुरादाबाद , जून 16 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस अधीक्षक (एसपी सिटी) कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि संभल के हयात नगर थाना क्षेत्र स्थित सरायतरीन निवासी जुनैद (35) अपनी पत्नी सिमरन (30), साली मंतशा और तीन वर्षीय बेटे दानियाल के साथ बाइक से रामपुर की ओर जा रहे थे तभी कटघर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाईपास पर उनकी बाइक एक बस की चपेट में आ गई। जिससे बाइक सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से सभी घायलों को एंबुलेंस से तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने सिमरन एवं दानियाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल मंतशा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

इस हादसे जुनैद गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। हादसा कटघर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे-09 बाईपास पर गांगन नदी के पास आज दोपहर करीब ढाई बजे हुआ।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुर्घटनास्थल से बस को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि घटना के बाद मौके से फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित