मुरादाबाद , मई 30 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में शनिवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे की मृत्यु हो गई, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के गांव अब्दुलापुर लेदा निवासी 24 वर्षीय शानिब अपनी 45 वर्षीय मां खैरुलनिशा, पिता तव्सुर तथा पांच वर्षीय भतीजी जिया के साथ मोटरसाइकिल से किसी कार्य से जा रहे थे। शनिवार पूर्वाह्न लगभग 11:30 बजे उनकी बाइक ठाकुरद्वारा-करनपुर मार्ग पर रानी नांगल और मोहद्दीनपुर चौराहे के समीप पहुंची, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने बाइक को टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।

सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस के कर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए राजकीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने शानिब और उनकी मां खैरुलनिशा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल तव्सुर और जिया का उपचार जारी है।

घटना की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक नवाब जान खां अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित