मुरादाबाद , अक्टूबर 25 -- उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा रविवार को आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के अंतर्गत जनपद मुरादाबाद में दो पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
परीक्षा के लिए निर्धारित 52 केंद्रों पर कुल 46,704 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 31,403 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 15,301 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देशों के क्रम में परीक्षा को सुव्यवस्थित कराने तथा अभ्यर्थियों को आवागमन के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए थे।
जिलाधिकारी अनुनय झा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सतपाल अंतिल ने दिनभर विभिन्न परीक्षा केंद्रों के साथ-साथ रोडवेज बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा आवागमन में होने वाली असुविधाओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए। बस एवं रेल सेवाओं के लिए टिकट प्राप्त करने में लंबी कतारों जैसी समस्याओं को देखते हुए ई-टिकट व्यवस्था को प्रभावी बनाया गया जिससे अभ्यर्थियों को काफी सहूलियत मिली। एडीएम सिटी और एसपी सिटी भी पूरे दिन लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। रोडवेज बस अड्डे पर नगर मजिस्ट्रेट ने स्वयं कमान संभाली और अभ्यर्थियों को सुरक्षित अपने गंतव्य के लिए निर्धारित बसों तक पहुंचाने हेतु जानकारी देते रहे।
अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परीक्षा स्पेशल रोडवेज बसों और ट्रेनों के माध्यम से आवागमन की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके अतिरिक्त, मुरादाबाद शहर में विभिन्न रैन बसेरों को सक्रिय किया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर अभ्यर्थियों को ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। जिला प्रशासन द्वारा आगामी परीक्षा तिथियों पर भी अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा परीक्षा के सुव्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित