मुरादाबाद , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश में तीन दिवसीय होमगार्ड भर्ती लिखित परीक्षा के मद्देनजर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने विशेष परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने रविवार को बताया कि मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव के निर्देशन में परीक्षार्थियों के सुगम और सुरक्षित आवागमन के लिए तत्काल प्रभाव से अतिरिक्त गाड़ियां चलाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को मुरादाबाद से लखनऊ के लिए रवाना हुई गाड़ी संख्या 04352 से करीब 1800 अभ्यर्थियों ने अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया। रेलवे प्रशासन सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के माध्यम से स्टेशनों तथा गाड़ियों की निरंतर निगरानी कर रहा है।

रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, गाड़ी संख्या 04351 (लखनऊ-मुरादाबाद) 26 एवं 27 अप्रैल को रात 8:50 बजे लखनऊ से चलकर सुबह 5:30 बजे मुरादाबाद पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04352 दोपहर 1:15 बजे मुरादाबाद से चलकर शाम 7:35 बजे लखनऊ पहुंचेगी।

इसी क्रम में गाड़ी संख्या 04353 (लखनऊ-मुरादाबाद) 27 एवं 28 अप्रैल को रात 1:20 बजे प्रस्थान कर सुबह 8:40 बजे मुरादाबाद पहुंचेगी, जबकि गाड़ी संख्या 04354 (मुरादाबाद-लखनऊ) 26 एवं 27 अप्रैल को शाम 5:55 बजे चलकर रात 11:20 बजे लखनऊ पहुंचेगी। ये सभी ट्रेनें बालामऊ, हरदोई, शाहजहांपुर, बरेली, मिलक और रामपुर स्टेशनों पर ठहरेंगी।

रेलवे ने यात्रियों से टिकट काउंटरों पर भीड़ से बचने के लिए 'रेल वन' मोबाइल ऐप का उपयोग करने की अपील की है। साथ ही किसी भी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 अथवा स्टेशन स्थित हेल्प डेस्क से संपर्क करने तथा यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने का आग्रह किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित