मुरादाबाद , अगस्त 29 -- उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद के मझोला क्षेत्र में गांगन नदी पर बने लकड़ी के पुल की बल्ली अचानक टूटने से बाइक अनियंत्रित होकर गहरे पानी में जा गिरी। इस हादसे में बाइक सवार महिला की डूबने से मौत हो गई, जबकि उनके पति और दो बच्चों को समीपवर्ती गांव के लोगों ने अदम्य साहस दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे के बाद से लापता सात माह के मासूम बच्चे की तलाश में गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंझोला क्षेत्र के मोहम्मदपुर ध्यान सिंह गांव निवासी अनिल जाटव (35) मजदूरी करने के साथ परचून की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार सुबह वह पत्नी किरन (32), बड़े बेटे प्रियंशु (6), बेटी काव्या (4) और सात माह के छोटे बेटे केशव के साथ बाइक से रक्षाबंधन मनाने अपनी ससुराल कुंदरकी थाना क्षेत्र के नानपुर गांव गए थे। दिनभर त्योहार मनाने के बाद शाम को पूरा परिवार बाइक से अपने घर लौट रहा था।
बताया गया कि बाइक जैसे ही गांगन नदी पर बने लकड़ी के पुल से गुजर रही थी, तभी पुल की एक बल्ली अचानक टूट गई। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पूरा परिवार उफनती नदी में जा गिरा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल नदी में उतरकर बचाव कार्य शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए अनिल, उनके बेटे प्रियंशु और बेटी काव्या को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन किरन और सात माह का मासूम केशव नदी के तेज बहाव में बह गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने किरन का शव नदी से बरामद कर लिया। हालांकि केशव का अभी तक पता नहीं चल सका है। उसकी तलाश में गोताखोरों की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
पुलिस अधीक्षक (एसपी सिटी) कुमार रणविजय सिंह ने शनिवार को बताया कि महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और लापता सात माह के बच्चे केशव की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित