मुरादाबाद , सितंबर 10 -- रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों में बर्थ की उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से मुरादाबाद मंडल से होकर गुजरने वाली प्रमुख एक्सप्रेस गाड़ियों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाने का निर्णय लिया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने गुरुवार को बताया कि, गाड़ी संख्या 14207 मां बेहाला देवी धाम प्रतापगढ़-दिल्ली एक्सप्रेस में 11 सितंबर 2026 को एक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ा जाएगा। वहीं, वापसी दिशा में चलने वाली गाड़ी संख्या 14208 दिल्ली-मां बेहाला देवी धाम प्रतापगढ़ एक्सप्रेस में 14 सितंबर 2026 को एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाया जाएगा।
इसी क्रम में अयोध्या रूट की ट्रेनों में भी यात्रियों की सहूलियत को देखते हुए डिब्बे बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इसके तहत गाड़ी संख्या 14205 अयोध्या कैंट-दिल्ली एक्सप्रेस में 13 सितंबर 2026 को तथा गाड़ी संख्या 14206 दिल्ली-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस में 12 सितंबर 2026 को एक-एक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ा जाएगा।
रेलवे प्रशासन के इस कदम से आगामी दिनों में दिल्ली, अयोध्या और प्रतापगढ़ मार्ग पर यात्रा करने वाले रेल यात्रियों को अधिक सीटें मिल सकेंगी और उनकी यात्रा अधिक सुगम हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित