मुरादाबाद , मई 20 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में तालाब से मिट्टी निकालते समय ढांग गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बिलारी थाना क्षेत्र के समाथल गांव में बुधवार सुबह कुछ महिलाएं घरों की लिपाई-पुताई के लिए तालाब से पीली मिट्टी निकालने गई थीं। मिट्टी खोदने के दौरान अचानक तालाब की ऊंची ढांग भरभराकर गिर गई और तीन महिलाएं मलबे में दब गईं।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने मलबे में दबी महिलाओं को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और एंबुलेंस की सहायता से सभी महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिलारी भेजा गया।

डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मालदेई (40) पत्नी बृजपाल मौर्य तथा सुनीता (35) पत्नी श्रीराम कश्यप को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल रामबती (40) पत्नी छत्रपाल मौर्य को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित