मुरादाबाद , नवंबर 04 -- उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जिले के मूंढापाण्डे क्षेत्र में मंगलवार को सड़क किनारे खेल रहे बच्चों और एक महिला को अनियंत्रित बोलेरो द्वारा कुचलने के मामले में पुलिस ने आरोपी चालक रिजवान को गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि इस दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी बरामद कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि तीन नवंबर की शाम को बोलेरो के चालक रिजवान (निवासी ग्राम बेरखेड़ा, थाना भगतपुर) ने सड़क किनारे खेल रहे बच्चों और एक महिला को टक्कर मार दी। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दो बच्चों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान एक वर्षीय चित्रा और दो वर्षीय अंश के रूप में हुई है, तथा यह भी सामने आया कि हादसे वाले दिन ही अंश का जन्मदिन था। इस वीभत्स घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को घेरकर उसकी पिटाई कर दी तथा मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित