मुरादाबाद , जुलाई 14 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में भोजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद दो शातिर गौकशों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस द्वारा जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि कल देर रात थाना भोजपुर के ग्राम मनकुआ मकसूदपुर में गौकशी की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया था। उन्होंने बताया कि थाना भोजपुर पुलिस जब खय्या खादर के पास चेकिंग कर रही थी, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया लेकिन रुकने के बजाय बदमाशों ने अपने आप को घिरा देख कर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित