मुरादाबाद, मई 11 -- उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जिले के नागफनी क्षेत्र में सोमवार को सशस्त्र बदमाशों ने पीतल कारोबारी के परिवार को बंधक बनाकर घर में रखा बेशकीमती सामान लूट लिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के अकबर कंपाउंड में आज़ तड़के हथियारबंद बदमाशों ने एक पीतल कारोबारी के घर उस समय धावा बोल दिया जब परिवार गहरी नींद में सोया हुआ था।आहट सुनकर शोर मचाने से पहले बदमाशों ने महिला को गन प्वाइंट पर लेकर परिवार सहित सभी को बंधक बनाया। उसके बाद घर में रखे बेशकीमती सामान व नकदी लूटकर बदमाश फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक नगर समेत तमाम आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। घटना के खुलासे तथा लूट में शामिल बदमाशों को शीघ्र पकड़ने के प्रयास किये जा रहे हैं। बताया गया है कि पीतल कारोबारी इमरान के घर में चार से पांच नकाबपोश बदमाश मुख्य द्वार की चाबी का इस्तेमाल कर अंदर दाखिल हुए थे। गृहस्वामिनी सीमा ने पुलिस को बताया है कि घर में आहट होने पर उनकी आंख खुली तो बदमाशों ने उनकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया जिसके बाद वह दहशत की वजह से होश में नहीं रही। लूटपाट करने से पहले उन्होंने परिवार के बाकी सदस्यों और लड़कियों को एक कमरे में बंधक बना लिया था। बदमाशों का विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित