मुरादाबाद , मार्च 05 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक सनसनीखेज घटना में संतान न होने के कारण पति ने पहले पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी उसी चाकू से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना मझोला थाना क्षेत्र के सोनकपुर ओवरब्रिज के पास कांशीराम नगर कॉलोनी के जंगल की है। बुधवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि जंगल में एक युवक घायल अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच के दौरान घटनास्थल के पास से एक बाइक और खून से सना चाकू बरामद हुआ। आसपास तलाशी लेने पर कुछ दूरी पर एक महिला का शव भी मिला, जिसके शरीर पर भी चाकू के गहरे घाव के निशान थे। मृतकों की पहचान सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के नया गांव निवासी बिजली मैकेनिक विनोद उर्फ विक्की (32) और उसकी पत्नी ममता के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक नगर कुंवर रणविजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच और परिजनों से पूछताछ में पता चला है कि दंपति की शादी करीब नौ वर्ष पहले हुई थी, लेकिन उन्हें संतान नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था और पति दूसरी शादी करना चाहता था।

बताया गया कि बुधवार को विनोद अपनी पत्नी ममता को बाइक पर बैठाकर ससुराल हरथला जाने के बहाने घर से निकला, लेकिन वह उसे सोनकपुर फ्लाईओवर के पास जंगल में ले गया। वहां उसने पहले पत्नी पर चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी और इसके बाद खुद को चाकू मारकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित