मुरादाबाद , मई 01 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में बुर्कानशी महिला के साथ सरेराह अभद्र हरकत करने के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक (नगर) कुमार रणविजय सिंह ने शुक्रवार को बताया कि मुगलपुरा थाना क्षेत्र के बरबलान इलाके में बुधवार दोपहर एक बुर्काधारी महिला के साथ सुनसान गली में एक व्यक्ति द्वारा अभद्र हरकत किए जाने की घटना सामने आई थी। विरोध करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया था। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था।
उन्होंने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर गुरुवार को अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कटघर थाना क्षेत्र के मकबरा निवासी नौशाद के रूप में की गई। पुलिस के अनुसार गुरुवार रात सूचना मिली कि आरोपी रामगंगा पुल के पास छिपा हुआ है। घेराबंदी के दौरान पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण के लिए कहने पर उसने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), तीन जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित