मुरादाबाद , जून 30 -- गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद से सम्बद्ध जनपदों के समस्त राजकीय, संघटक, अनुदानित और स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में सत्र 2026-27 के लिए स्नातक स्तर के प्रथम वर्ष (सेमेस्टर/वार्षिक मोड) में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण एवं महाविद्यालय चयन की तिथियां विस्तारित कर दी गई हैं। समर्थ पोर्टल पर तकनीकी समस्या तथा अन्य सुसंगत कारणों के दृष्टिगत विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा छात्र हित में यह निर्णय लिया गया है, प्रवेश के इच्छुक छात्र-छात्राएं अब संशोधित कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। विश्वविद्यालय के कुलसचिव गिरीश कुमार द्विवेदी (पी०सी०एस०) ने मंगलवार को बताया कि स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एवं महाविद्यालय के चयन की प्रक्रिया 11 मई 2026 से प्रारम्भ हो चुकी है। अब छात्र 6 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। इसके बाद, छात्रों को 7 जुलाई 2026 की शाम 5 बजे तक अपने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फॉर्म के साथ आवेदन फॉर्म को संबंधित महाविद्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। ऑनलाइन आवेदन शुल्क 150/- रुपये निर्धारित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित