मुरादाबाद , नवंबर 07 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहे कोडीनयुक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बिना नंबर प्लेट की महिंद्रा एक्सयूवी से कोडेक्टस टीआर सिरप की 2,000 शीशियां बरामद की हैं। बरामद खेप की कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि कटघर पुलिस ने कल्याणपुर अंडरपास के पास वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक्सयूवी को रोककर तलाशी ली। वाहन से कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद हुई। मौके पर मौजूद करूला निवासी फईम सिरप से संबंधित वैध अभिलेख नहीं दिखा सका, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर वाहन कब्जे में ले लिया।

पूछताछ में फईम ने भोजपुर क्षेत्र में मेडिकल स्टोर संचालित करने वाले नवाज, उसके साथी आसिफ और उत्तराखंड के रुड़की निवासी कथित सप्लायर राणा की भूमिका बताई। आरोप है कि राणा के माध्यम से रुड़की से कोडीनयुक्त कफ सिरप मंगाया जाता था और मेडिकल स्टोर की आड़ में आसपास के क्षेत्रों में इसे ऊंचे दामों पर बेचा जाता था।

पुलिस ने फईम, नवाज, आसिफ और राणा के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। नवाज, आसिफ और राणा की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि सिरप की खेप कहां से खरीदी गई थी, अब तक कितनी बार इसकी आपूर्ति हुई और इसे किन-किन क्षेत्रों में बेचा जा रहा था।

गौरतलब है कि कोडीनयुक्त कफ सिरप का नशे के रूप में दुरुपयोग होने के कारण इसके अवैध कारोबार पर पुलिस और संबंधित एजेंसियां निगरानी रख रही हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुरादाबाद-रामपुर क्षेत्र में इससे जुड़े नेटवर्क की कड़ियां पहले भी सामने आ चुकी हैं। पिछले महीने रामपुर के गंज थाना क्षेत्र में 1,800 शीशियां बरामद की गई थीं। उस मामले में गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में मुरादाबाद से सिरप खरीदकर रामपुर में ऊंचे दामों पर बेचने की जानकारी दी थी।

वहीं, प्रदेश में करीब दो हजार करोड़ रुपये के कोडीनयुक्त कफ सिरप तस्करी मामले के मुख्य आरोपी वाराणसी निवासी शुभम जायसवाल के दुबई से प्रत्यर्पण की सहमति मिलने की खबरें भी सामने आई थीं। पुलिस का मानना है कि मुरादाबाद में पकड़ी गई खेप के स्रोत और आपूर्ति नेटवर्क की जांच से इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिल सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित